जौनपुर: खुटहन में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

जौनपुर: खुटहन में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
जौनपुर, 31 जुलाई। खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतर्जनपदीय शातिर अपराधी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर बदमाश रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू को भी मौके से दबोच लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटहन भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह अपनी टीम के साथ सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में थानाध्यक्ष ने सरकारी पिस्टल से एक राउंड फायर किया, जिसमें रिंकू यादव घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव (35), निवासी ग्राम भेला, थाना सरपतहाँ, जनपद जौनपुर तथा सत्यम लोना उर्फ लल्लू (23), निवासी ग्राम शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रिंकू यादव थाना सरपतहाँ का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अमेठी और अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम समेत करीब 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सत्यम लोना के खिलाफ भी सुल्तानपुर में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट सहित अन्य मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।