शादी से इनकार पर प्रेमी युगल ने खाया जहर, हालत गंभीर

शादी से इनकार पर प्रेमी युगल ने खाया जहर, हालत गंभीर
रिश्तेदारी के कारण परिजनों ने नहीं दी शादी की मंजूरी
सुइथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के कुसियाबहार गांव में शादी की अनुमति न मिलने से आहत प्रेमी युगल ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मजहलीपट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज पुत्र घूरेराम और कुसियाबहार गांव निवासी 19 वर्षीय संध्या पुत्री रामभवन रिश्ते में मौसेरे भाई-बहन बताए जाते हैं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे विवाह करना चाहते थे।बताया जा रहा है कि सोमवार को सूरज अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था। परिजनों ने रिश्तेदारी का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल एंबुलेंस से दोनों को स्थानीय सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।