जौनपुर।खुटहन थाना क्षेत्र में महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण उड़ाने की दो घटनाओं सामने आई है

जौनपुर।खुटहन थाना क्षेत्र में महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण उड़ाने की दो घटनाओं सामने आई है। एक महिला को चेन साफ कराने का झांसा देकर उचक्का चेन लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरी महिला की आटो में सवार दो अज्ञात महिलाओं ने चेन छीन ली। दोनों पीड़िताओं ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरपतहा क्षेत्र के दशगरपा गांव निवासी नरमा देवी पत्नी गया पाल अपनी बेटी को देखने दामाद के साथ खुटहन स्थित सरकारी अस्पताल आई थीं। अस्पताल से बाहर निकलते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। आरोप है कि उसने महिला को बताया कि गले की चेन गंदी हो गई है और उसे साफ कराने के बहाने चेन उतरवा ली। चेन हाथ में आते ही वह मौके से फरार हो गया।
दूसरी घटना में सरपतहा क्षेत्र के बूढ़ूपुर गांव निवासी अमृता देवी पत्नी सुरेंद्र गौतम गत सोमवार को टेंपो से घर जा रही थीं। बहरीपुर गांव के मोड़ के पास उतरते समय टेंपो में सवार दो अज्ञात महिलाओं ने कथित तौर पर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। शोर मचाने पर चालक भी टेंपो लेकर चला गया। पीड़िता ने पुलिस से सीसी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान कराने की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।