बेटी की शादी के लिए लाई रकम पर टप्पेबाजों ने मारा हाथ, महिला से नकदी-जेवर लेकर फरार

बेटी की शादी के लिए लाई रकम पर टप्पेबाजों ने मारा हाथ, महिला से नकदी-जेवर लेकर फरार
सरायमीर, आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बेटी की शादी के लिए जेवर खरीदने बाजार आई महिला को दो अज्ञात लोगों ने झांसे में लेकर उससे एक लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने थाना सरायमीर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
राजापुर सिकरौर निवासी चन्दा देवी पत्नी शिशपाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी की शादी 27 मई 2026 को तय है। शादी के लिए जेवर खरीदने वह घर से एक लाख रुपये लेकर सरायमीर बाजार आई थीं। बाजार के ठठेरी मोहल्ला में उन्हें दो अज्ञात व्यक्ति मिले। दोनों ने खुद को पंडित बताते हुए कहा कि उनके पति पर भूत-प्रेत का साया है और उनकी जान को खतरा है।
महिला के अनुसार दोनों व्यक्तियों ने बातों-बातों में उन्हें डरा दिया और कहा कि यदि तुरंत पूजा-पाठ नहीं कराया गया तो बड़ा अनिष्ट हो सकता है। डर के कारण महिला ने अपने कान की झाली, गले की लॉकेट, मोबाइल फोन और एक लाख रुपये उन्हें दे दिए। कुछ ही देर बाद दोनों आरोपी सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
जब महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो वह रोते-बिलखते थाना सरायमीर पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।