गोकशी की सूचना पर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक आरोपी घायल

आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से गैंगस्टर, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म समेत करीब एक दर्जन मुकदमों में नामजद आरोपी विशाल यादव घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के मुताबिक, विशाल यादव पुत्र अनिल यादव निवासी किशनपुर काशीनाथ, थाना गम्भीरपुर के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गोकशी की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में विशाल यादव घायल हुआ, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।