निजामाबाद थाने में न्याय न मिलने से आहत विधवा महिला के जहरीला पदार्थ खाने का आरोप, हालत बिगड़ने पर मंडलीय अस्पताल रेफर

निजामाबाद /आजमगढ़ थाना परिसर में सोमवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब न्याय न मिलने से आहत एक विधवा महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, निजामाबाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने थाना परिसर में ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।
महिला का आरोप है कि गांव के एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया था, जिसके बाद बेटी गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक ने उसे दवा खिला दी, जिससे करीब पांच माह पहले मृत बच्चे का जन्म हुआ। महिला के अनुसार, मामले को दबाने के लिए गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में बेटी की शादी के लिए रुपये देने की बात पर समझौता हुआ था। अब आरोपी के पिता रुपये देने से इनकार कर रहे हैं, जबकि युवक गाली-गलौज कर रहा है।
महिला का दावा है कि वह पिछले पांच माह से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। सोमवार शाम वह दोबारा तहरीर लेकर थाने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए।
महिला का आरोप है कि वह पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में आरोपी पक्ष के लोगों ने उसके साथ अपशब्दों का प्रयोग किया। इससे आहत होकर उसने कथित तौर पर थाना परिसर में ही विषाक्त पदार्थ खा लिया।
तबीयत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए। देर रात करीब 12 बजे तक वह पुलिस की निगरानी में मंडलीय अस्पताल में रही। हालत में सुधार होने पर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और मुकदमा दर्ज किए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है