खाकी वर्दी फिर सवालों के घेरे में, महिला सभासद ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। वार्ड नंबर 1 खुदकाश्ता की महिला सभासद गीता देवी ने थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे उनके बेटे अनिल कुमार सोनकर, जो पेशे से मछली विक्रेता हैं, खुदकाश्ता पोखरे पर मछली बेच रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि पुलिसकर्मी आलोक कुमार शुक्ला व एसआई पंकज अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और अनिल के साथ अभद्र व्यवहार किया।
सभासद का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे को जातिसूचक गालियां दीं, लात-घूंसों से मारपीट की और उसकी जेब में रखे लगभग 10,000 रुपये छीन लिए। इसके बाद उसे जबरन थाने ले जाया गया। आरोप यह भी है कि पुलिस ने मात्र 6,600 रुपये की फर्जी बरामदगी दिखाकर उसके खिलाफ जुए का मुकदमा दर्ज कर दिया।
वहीं, इस मामले में जब थाना प्रभारी सरायमीर से पक्ष लिया गया तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति जुए में संलिप्त था और पुलिस पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं।
सभासद गीता देवी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और लूट का मुकदमा दर्ज किया जाए, उनके बेटे को फर्जी मुकदमे से बरी किया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
फिलहाल, मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच घिरा हुआ है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।