सरायमीर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, जगह-जगह हुआ ध्वजारोहण

सरायमीर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायमीर कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को धूमधाम और उत्साह के साथ ध्वजारोहण किया गया। सुबह आठ बजे सरायमीर थाना परिसर में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान हुआ। पुलिसकर्मियों ने हाथ उठाकर ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्य का पालन करने की शपथ ली।
मदरसतुल इस्लाह परिसर में ध्वजारोहण के बाद मौलाना अबु सुफियान ने देश की आजादी में मुसलमानों की कुर्बानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं महर्षि पतंजलि पब्लिक स्कूल पवई लाडपुर, मदरसा सेराजुल उलूम, मदरसा इस्लामिया नसीरूल उलूम तथा सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने ध्वजारोहण कर विभिन्न झांकियां निकालीं और तिरंगा यात्रा निकाली।
नगर पंचायत कार्यालय, मानवाधिकार फाउंडेशन ऑफ इंडिया कार्यालय सहित सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में भी तिरंगा फहराया गया। डॉ. मो. अलीम ने ध्वजारोहण कर छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की रक्षा करना और तिरंगे का सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आजादी हासिल करने के लिए हमारे पूर्वजों ने अपना जीवन न्योछावर किया।
नरईपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनुराग राय के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा मंडल अध्यक्ष रामभुवन मौर्य ने विद्यालय के बच्चों में मिठाइयां वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति के नारों और तिरंगे के साथ उत्सव का माहौल रहा।