विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर छित्तेपुर में आमरण अनशन जारी

विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर छित्तेपुर में आमरण अनशन जारी
दीदारगंज, आजमगढ़। विधानसभा क्षेत्र के छित्तेपुर गांव में एहसान खान के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन आमरण अनशन में तब्दील हो गया। 5 मई से शुरू हुए इस आंदोलन में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
धरना स्थल पर एहसान खान ने आरोप लगाया कि कई मामलों में निर्दोष लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया है। उन्होंने दुर्वासा धाम के मुख्य महंथ राम आसरे गोस्वामी के पौत्र सचिन गोस्वामी पर दर्ज गोकशी के मुकदमे, भोगईचा गांव के आठ परिवारों पर दर्ज हत्या के मुकदमे, पुरुषोत्तमपुर निवासी रामनगीना सिंह और उनके बेटों पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
इसके साथ ही मुबारकपुर थाना क्षेत्र की एक युवती के अपहरण और गैंगरेप प्रकरण में दोषियों पर कार्रवाई न होने तथा पीड़ित पक्ष पर ही कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया गया। एहसान खान ने यह भी कहा कि उनके बेटे को सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज कराने जाने पर कई दिनों तक हिरासत में रखा गया।
धरनारत लोगों ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना और आमरण अनशन जारी रहेगा।